अल्मोड़ा: नर्सिंग संस्थान में पत्रकारों से अभद्रता और भारी अनियमितताओं का लगाया आरोप, प्रेस क्लब ने डीएम को सौंपा ज्ञापन




अल्मोड़ा: जनपद के ‘माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज’ में पत्रकारों के साथ बदसलूकी और संस्थान के भीतर चल रहे कथित शोषण का गंभीर मामला सामने आया है।


दिया ज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड प्रेस क्लब, अल्मोड़ा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को संस्थान में किसी गंभीर प्रकरण की सूचना मिलने पर पत्रकार कवरेज के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि वहां के प्रबंधक, संदीप सिंह ठाकुर ने पत्रकारों के साथ आक्रामक व्यवहार किया, उनके साथ बदसलूकी की और उनके कैमरा व माइक आईडी छीन लिए। पत्रकारों को डराने-धमकाने और कार्य में बाधा डालने को प्रेस की स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन बताया गया है।


​कहीं यह बात


​प्रेस क्लब का आरोप है कि संस्थान में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और वहां के कर्मचारियों का आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है। फीस वसूली और कार्यस्थल पर व्यवहार को लेकर भी शिकायतें मिली हैं।संस्थान के प्रथम तल पर एक छोटा स्कूल भी संचालित हो रहा है। पांच मंजिला भवन की संरचनात्मक मजबूती, अग्नि सुरक्षा और अन्य सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए इनकी जांच की मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख है कि यह संस्थान राज्य नर्सिंग काउंसिल की शर्तों को पूरा नहीं कर रहा है और बिना उचित मान्यता के युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कहा कि पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच कराई जाए।‌ आरोपी प्रबंधक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। संस्थान की मान्यता, संचालन की वैधता और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाए। वहां संचालित विद्यालय की सुरक्षा और वैधता की भी समीक्षा हो।


रहें शामिल


​ज्ञापन सौंपने वालों में प्रेस क्लब के सचिव रमेश जोशी, उपाध्यक्ष कमलेश सनवाल, उप-सचिव मोहित अधिकारी और अन्य कई सदस्य व वरिष्ठ पत्रकार शामिल रहे।