उत्तराखंड: सड़क सुरक्षा की दिशा में खास पहल: उत्तराखंड के प्रत्येक मंडल में बनेंगे ‘मिनी कंट्रोल रूम’, जानें

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और परिवहन व्यवस्था को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए परिवहन विभाग ने एक बड़ा निर्णय लिया है।

परिवहन विभाग की पहल

इसी क्रम में प्रदेश में वाहनों की निगरानी के लिए अब कंट्रोल रूम की व्यवस्था को विकेंद्रीकृत किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत देहरादून स्थित मुख्य कमांड सेंटर के अलावा अब हल्द्वानी में भी एक मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी तक प्रदेश के सभी वाहनों की निगरानी केवल देहरादून स्थित परिवहन मुख्यालय के ‘कंट्रोल एंड कमांड सिस्टम’ से की जा रही थी। वाहनों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा के व्यापक दायरे को देखते हुए विभाग अब मंडल स्तर पर निगरानी केंद्र तैयार कर रहा है। गढ़वाल मंडल के लिए देहरादून में व्यवस्था पहले से ही है, जबकि कुमाऊं मंडल के लिए हल्द्वानी में नया मिनी कंट्रोल रूम बनेगा। इस पूरी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड (CEL) डिजिटल मैपिंग और इंटीग्रेशन का कार्य कर रहा है। इससे न केवल वाहनों को ट्रैक करना आसान होगा, बल्कि डेटा विश्लेषण भी सटीक होगा।
इस तकनीक के फायदें

• ​रीयल टाइम ट्रैकिंग: वाहनों की वर्तमान लोकेशन का तुरंत पता चल सकेगा।
• ​ओवरस्पीडिंग पर लगाम: गति सीमा का उल्लंघन करने पर तत्काल अलर्ट मिलेगा।
• ​रूट मॉनिटरिंग: निर्धारित रूट से हटने या संदिग्ध गतिविधि होने पर विभाग कार्रवाई कर सकेगा।
• ​विशेष सुरक्षा: स्कूल बसों और सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में यह सिस्टम बेहद कारगर साबित हो रहा है।