अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में हवालबाग ब्लॉक के फलसीमा में सोमवार को अमर शहीद सैनिक दिनेश बिष्ट की स्मृति में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए
इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और शौर्य को याद किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उत्तराखंड सरकार के दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस भावुक अवसर पर उन्होंने शहीद दिनेश बिष्ट की माता बिशनी देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर दर्जा राज्य मंत्री पिलख्वाल ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। आजादी के पूर्व से लेकर वर्तमान तक यहाँ के सपूतों ने देश की सीमाओं की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि आज ही के दिन मणिपुर में एक आतंकी हमले का डटकर मुकाबला करते हुए दिनेश बिष्ट शहीद हुए थे। उनका यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज बना रहेगा।
रहें मौजूद
इस मौके पर यहां पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिला पंचायत सदस्य प्रेम सिंह लटवाल, ग्राम प्रधान चम्पा बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, भगवत बिष्ट, बिशन सिंह बिष्ट, मनोज बिष्ट, वीरेंद्र सिंह, बलवंत बिष्ट, किशन बिष्ट, दीपक सिंह, गोलू बिष्ट, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह, भुवन सिंह, भूपाल सिंह, माया देवी, किरन बिष्ट, महिमा बिष्ट, अनिता देवी, सावित्री देवी, नंदी देवी समेत अन्य मौजूद रहे।