बागेश्वर: मेडिकल स्टोरों पर औषधि विभाग का छापा, दो दुकानों पर दवाओं की बिक्री पर लगाई रोक

बागेश्वर: जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर सजग औषधि विभाग ने जिले के गरुड़ और बैजनाथ क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है।

विभाग की छापेमारी

जिसमें औषधि निरीक्षक पूजा रानी के नेतृत्व में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उनकी खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।‌औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बताया कि जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। निरीक्षण में सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। दवाओं की खरीद और बिक्री से संबंधित कोई भी रिकॉर्ड मौके पर पेश नहीं किया गया। दवाओं को निर्धारित तापमान पर नहीं रखा गया था, जिससे उनकी गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा था। साथ ही मेडिकल स्टोर परिसर में साफ-सफाई के मानकों की भारी अनदेखी मिली।

लाइसेंस निलंबन की संस्तुति

​विभाग ने इन अनियमितताओं को औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 एवं नियमावली 1945 का स्पष्ट उल्लंघन माना है। जनस्वास्थ्य को खतरे में देखते हुए दोनों दुकानों पर दवाओं के लेन-देन को तुरंत रोक दिया गया है। एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। संदिग्ध गुणवत्ता के आधार पर 10 दवाओं के नमूने जांच के लिए ‘राजकीय औषधि विश्लेषणशाला’ भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्टोर संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।