अल्मोड़ा में बवाल: सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण से भड़के स्थानीय लोग, हादसे और विवाद का डर, भड़के वार्डवासी

अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा के अंतर्गत आने वाले वार्ड ‘डुबकिया’ में सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है।

जल्द निरीक्षण और कार्रवाई की मांग

इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर नगर निगम के नगर आयुक्त/महापौर को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा है और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।‌ जिसमे क्षेत्र के पूर्व पार्षद/प्रतिनिधि अंजू बिष्ट के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि संबंधित स्थल का जल्द से जल्द मौका-मुआयना (निरीक्षण) किया जाए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि सार्वजनिक रास्ते से इस अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए ताकि आम नागरिकों को सुगमता से आवाजाही की सुविधा मिल सके।

जानें क्या है मामला

स्थानीय निवासियों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, वार्ड डुबकिया के सार्वजनिक रास्ते पर जावेद अख्तर नामक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इस अवैध निर्माण की वजह से मंदिर और क्रिया-कर्म (अंतिम संस्कार) के रास्ते पूरी तरह से बाधित हो गए हैं। निवासियों का कहना है कि यह रास्ता बेहद महत्वपूर्ण है और इसके बंद होने या संकरा होने की वजह से आम जनता को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते की चौड़ाई कम होने के कारण आए दिन क्षेत्र में विवाद और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

जांच के आदेश

स्थानीय पार्षद अंजु बिष्ट के नेतृत्व में दर्जनों निवासियों द्वारा सौंपी गई गंभीर शिकायत का संज्ञान लेते हुए महापौर अजय वर्मा ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया है। महापौर ने नगर आयुक्त को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने और मामले में तत्काल कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने नगर आयुक्त से कहा कि इस पूरे मामले की बिना किसी दबाव के, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे तुरंत हटाकर आम नागरिकों को राहत दी जाए।

​रहें शामिल

इस मौके पर दर्जनों गणमान्य नागरिकों और निवासियों ने हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज कराया है। पत्र में हस्ताक्षर करने वालों में मुख्य रूप से राजेंद्र सिंह डोगरा (डोगरा भवन, डुबकिया), राजेश बिष्ट, अनिल सिंह, दीपू लोहनी, उमा बिष्ट, दीपा अधिकारी, आनंद वल्लभ जोशी, दीप चंद्र जोशी, नवीन चंद्र आर्य (पार्षद, रामलीला वार्ड), पवन सिंह बिष्ट, कोमल सिंह बिष्ट, संदीप रावत, नरेश सिंह मेहरा सहित कई अन्य क्षेत्रवासी शामिल रहें।