उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आगामी 23 मई को एक बड़े साहसिक खेल अभियान का आगाज होने जा रहा है। जो उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) के तत्वावधान में आयोजित होगा।
यह खास आयोजन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चमोली जिले की भारत-चीन सीमा पर स्थित नीती घाटी में होने वाले ‘एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सप्ताह’ के काउंटडाउन रन का आगाज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। जिसमें 23 मई को सुबह 5:30 बजे सभी प्रतिभागी मुख्यमंत्री आवास पर जुटेंगे, जिसके बाद सुबह 6:00 बजे सीएम धामी ध्वजारोहण कर इस ऐतिहासिक दौड़ को हरी झंडी दिखाएंगे। 300 से अधिक धावकों वाली यह 10 किलोमीटर लंबी काउंटडाउन रन मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर घंटाघर होते हुए UTDB मुख्यालय पर संपन्न होगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री मुख्य रेस के लिए मशाल प्रज्ज्वलित करेंगे और शुभंकर का अनावरण भी करेंगे।
15,500 फीट की ऊंचाई पर अल्ट्रा मैराथन
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह काउंटडाउन रन उस महाभियान की शुरुआत है, जो 31 मई को नीती घाटी में उत्तराखंड के इतिहास की सबसे बड़ी अल्ट्रा मैराथन के रूप में सामने आएगा। समुद्र तल से 15,500 फीट की ऊंचाई पर होने वाली यह 75 किमी की अल्ट्रा मैराथन साहसिक खेलों में एक नया अध्याय जोड़ेगी।
नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सप्ताह का शेड्यूल:
• 23 मई: देहरादून में काउंटडाउन रन (10 किमी)
• 27–30 मई: धावकों का नीती घाटी आगमन
• 31 मई: नीती घाटी में 75 किमी अल्ट्रा रन और फुल मैराथन
• 01 जून: 5, 10 और 21 किमी (हाफ) मैराथन
• 02 जून: माउंटेन बाइकिंग रेस