नैनीताल: ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी का करारा वार

नैनीताल: जनपद नैनीताल के टांडा क्षेत्र अंतर्गत पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में एक वन कर्मी की हत्या के सनसनीखेज मामले का हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस की कार्यवाही

जानकारी के अनुसार दिनांक 23 मई 2026 को एक व्यक्ति की हत्या की सूचना प्राप्त होते ही एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजूनाथ टीसी द्वारा तत्काल एसपी सिटी श्री मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता मय पुलिस बल के तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने व मामले के खुलासे के निर्देश दिए गए। मौके पर वन विभाग के रेंजर नवीन सिंह रौतेला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक मोबाइल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। मृतक की पहचान वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत मेवा लाल पुत्र हरी लाल, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी अलीपुर जित्ता, जनपद कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

किया गिरफ्तार

प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से पूर्व रात्रि में उसने और मृतक ने एक साथ शराब का सेवन किया था। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। संदेह के आधार पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने लाई और गहन पूछताछ की। वन बीट अधिकारी पवन कुमार पुत्र शेखर राम द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मु0एफआईआर संख्या-174/2026, धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।  पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर की गई सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह निवासी – लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र – 45 वर्ष, हाल पता – प्लॉट संख्या-71, पीपलपड़ाव ब्लॉक, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल ने बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से वार कर मेवा लाल की हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस टीम रहीं शामिल

विजय सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी
सुशील कुमार जोशी, थानाध्यक्ष मुखानी
रोहताश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी
संजीत राठौड़, उपनिरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी
कांस्टेबल राहुल राणा
कांस्टेबल धीरेन्द्र अधिकारी