अल्मोड़ा: मानव-वन्यजीव संघर्ष के रोकथाम के लिए तड़म में वन विभाग का हाईटेक गश्ती और जागरूकता अभियान, लगाए गए 09 पिंजरे

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को रोकने तथा स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग द्वारा तड़म ग्राम सभा में युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

टीमें अलर्ट मोड पर

जिस पर वन विभाग की टीमें न केवल दिन में बल्कि रात्रि के समय भी सघन निगरानी, गश्त और व्यापक जागरूकता अभियान चला रही हैं। मोहन वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तड़म ग्राम सभा में वन विभाग द्वारा बाकायदा कैंप लगाकर चौबीसों घंटे गश्त और निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों के बीच प्रचार-प्रसार व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्रामीणों और विशेषकर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग द्वारा वाहन की व्यवस्था की गई है। वन कर्मियों की सीधी उपस्थिति में इस विभागीय वाहन के जरिए ग्राम सभा तड़म से विद्यार्थियों को सुरक्षित राजकीय इंटर कॉलेज (रा० इ० का०) भौनखाल तक लाने और वापस ले जाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के अभिभावकों और बच्चों में सुरक्षा की भावना पैदा हुई है। वहीं ग्रामीणों की पुख्ता सुरक्षा, गश्त और प्रभावी निगरानी हेतु एक विशेष गश्ती टीम का गठन किया गया है। वहीं वन्यजीव को सुरक्षित पकड़ने के लिए क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील व चिन्हित स्थानों पर अब तक कुल 09 पिंजरे लगाए जा चुके हैं, जिनकी विभागीय स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

कर रही जागरूक

​वन विभाग ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे शाम ढलने के बाद अकेले बाहर न निकलें, बच्चों को अकेला न छोड़ें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि दिखने पर तुरंत नजदीकी वन चौकी या गश्ती दल को सूचित करें।