अल्मोड़ा: (द्वाराहाट): अल्मोड़ा के स्प्रिंग डेल्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने 77 उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी अल्मोड़ा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
जीते मेडल
यह शिविर बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ इंजीनियरिंग कॉलेज, द्वाराहाट में आयोजित किया गया था। इस शिविर के समापन के अवसर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं में स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें विद्यालय के कैडेट्स ने अपनी कला और खेल कौशल के दम पर पूरे कैंप में विशिष्ट पहचान बनाई। कैंप के अधिकारियों और मुख्य अतिथियों ने स्प्रिंग डेल्स के विद्यार्थियों के अनुशासन, गजब के आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रस्तुति की जमकर सराहना की। विद्यार्थियों ने निम्नलिखित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
• सांस्कृतिक गतिविधियाँ: सोलो डांस (एकल नृत्य) और ग्रुप डांस (सामूहिक नृत्य)।
• खेलकूद: खो-खो प्रतियोगिता।
• बौद्धिक व रचनात्मक क्षेत्र: हिंदी एक्सटेम्पोर (आशुभाषण) और पेंटिंग प्रतियोगिता।
मेडल देकर किया सम्मानित
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूजा शर्मा और कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल और प्रमाण पत्र सौंपकर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योत्सना सोहनलाल ने विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “इस प्रकार के सैन्य व अनुशासन शिविर बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होते हैं।” उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आगे भी इसी तरह देश और स्कूल का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
रहे मौजूद
इस भव्य समापन समारोह में डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल जगदीश चंद्र पंत, कैप्टन हेम चंद्र कवड़वाल, कैप्टन महिपाल सिंह, कैप्टन कृष्णानंद, लेफ्टिनेंट हयात सिंह, लेफ्टिनेंट दीपक गोस्वामी और सूबेदार मेजर जगदीश सिंह मेहता सहित सैन्य स्टाफ के कई अधिकारी (सूबेदार, नायब सूबेदार व हवलदार), भावना अधिकारी, लक्ष्मी खुल्बे एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।