पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से एक दुखद खबर सामने आई है। यहाँ लीलम रोड पर एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
खाई में गिरा वाहन
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुँची एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने बेहद विपरीत परिस्थितियों में करीब 6 घंटे तक रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (31 मई) की शाम करीब 06:50 बजे आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष पिथौरागढ़ को इस हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि लीलम रोड पर एक बोलेरो कैंपर वाहन (संख्या UK05 CA 2059) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसमें यात्री फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ महज 3 मिनट के भीतर शाम 06:53 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची, तो मंजर बेहद खौफनाक था। वाहन सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे खाई में गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। रात का अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने के कारण रेस्क्यू में काफी मुश्किलें आ रही थीं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जवानों ने रैपलिंग तकनीक (रस्सियों के सहारे) का इस्तेमाल किया और खाई में उतरकर वाहन तक पहुँच बनाई। गाड़ी के पास दो लोगों के शव बरामद हुए। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों की पहचान महेंद्र राम (उम्र 32 वर्ष), पुत्र उमेद राम, निवासी- पंगु, धारचूला व दूसरे मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है, पुलिस शिनाख्त के प्रयास कर रही है।