अल्मोड़ा: बिजली संकट से उबले ग्रामीण और व्यापारी, 48 घंटे में सुधार न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा क्षेत्र के अंतर्गत धारानौला, चीनाखान, मकेड़ी और धारानौला बाजार में पिछले एक सप्ताह से जारी गंभीर बिजली संकट को लेकर स्थानीय जनता और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। जिस पर भूतपूर्व अध्यक्ष कुमाऊं विश्वविद्यालय राजेंद्र सिंह बोरा व पार्षदों के शिष्टमंडल ने विद्युत विभाग के एक्शन का घेराव किया।

की यह मांग

यहां क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने विद्युत वितरण खण्ड के अधिशासी अभियंता को एक शिकायती पत्र सौंपकर जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है सौंपे गए ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पिछले 1 सप्ताह से क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। पूरे 24 घंटे के भीतर मात्र 1 से 2 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि घरों में लगे इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है।


​व्यापारियों को भारी नुकसान, अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप

​ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने के कारण स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर विभाग के अवर अभियंता (जेई) को बार-बार सूचित किया गया, लेकिन उनके स्तर से कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों की इस उदासीनता से जनता में गहरा आक्रोश है।


​आंदोलन और उपभोक्ता फोरम जाने की दी चेतावनी

​स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बिजली विभाग को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि अगले 48 घंटे के भीतर विद्युत आपूर्ति को सुचारू और नियमित नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि पीड़ित जनता बिजली बिलों का भुगतान रोक देगी। समस्या का समाधान न होने पर विभाग के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में वाद दायर किया जाएगा। साथ ही स्थानीय जनता ने अधिशासी अभियंता से बेहद कड़े शब्दों में अपील की है कि वे इस मामले का तत्काल संज्ञान लें और जनता में व्याप्त रोष को शांत करने के लिए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति नियमित करें।


​रहें शामिल

​इस शिकायती पत्र पर क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर मौजूद हैं, जिनमें राजेन्द्र सिंह बोरा (भूतपूर्व अध्यक्ष, कु०वि०वि० परिसर, अल्मोड़ा), अंजू बिष्ट (पार्षद – दुगालखोला/बुबकिया वार्ड, नगर निगम अल्मोड़ा) विजय भट्ट (पार्षद – आवास विकास, नगर निगम), संजय कुमार जोशी (पार्षद, नगर निगम), भूपाल सिंह मनराल (अध्यक्ष, रामलीला कमेटी धारानौला), नवीन चन्द्र आर्य (पार्षद, रामलीला वार्ड) आदि लोग शामिल रहें।