उत्तराखंड: भक्ति के साथ पर्यावरण रक्षा की मुहिम , केदारनाथ यात्रा में वायरल हुआ ‘1 यात्री = 1 किलोग्राम’ का अनूठा फॉर्मूला, जानें​


उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा जारी है। वहीं बाबा केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए इस साल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन को पहुंच रहे हैं।

कचरा मुक्त बनाने की पहल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यात्रा शुरू होने के महज 40 दिनों के भीतर (1 जून तक) ही रिकॉर्ड तोड़ करीब 15 लाख पंजीकरण हो चुके हैं। इतनी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने से जहाँ एक तरफ स्थानीय अर्थव्यवस्था में भारी उछाल आया है, वहीं दूसरी तरफ हिमालय के इस बेहद संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र पर कचरे का बड़ा पर्यावरणीय खतरा भी मंडराने लगा है। वहीं इस चुनौती के बीच, ‘हीलिंग हिमालयाज’ संस्था के संस्थापक प्रदीप सांगवान पहाड़ों को कचरा मुक्त बनाने के लिए एक उम्मीद की किरण बनकर उभरे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद खास अभियान शुरू किया है, जो इस समय इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लिखी यह बात

​प्रदीप सांगवान ने डिजिटल रिकॉर्ड-कीपिंग के साथ ‘कैरी मी बैक’ अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा यदि 1 लाख यात्री भी अपने साथ 1 किलो कचरा वापस लाते हैं, तो पहाड़ों से 100 टन कचरा साफ हो जाएगा और यही हमारा लक्ष्य है। इसके तहत हर तीर्थयात्री को अपने साथ 250 ग्राम से लेकर 5 किलोग्राम तक का प्लास्टिक कचरा (जैसे खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास आदि) वापस नीचे लाना होता है। डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए इस अभियान के तहत अब तक पहाड़ों से 100 टन कचरा हटाया जा चुका है।