नैनीताल: IG निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमायूँ की कमान, महिला सुरक्षा से कैंची धाम तक हर मोर्चे पर रहेगा विशेष फोकस

नैनीताल: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने आज पुलिस महानिरीक्षक (IG), कुमायूँ परिक्षेत्र का कार्यभार संभाल लिया है।

संभाला कार्यभार

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी कुकरेती एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में मातहत अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। इसके फौरन बाद उन्होंने आगामी कैंची धाम मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
​कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर खास फोकस
​कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में नवनियुक्त आईजी निवेदिता कुकरेती ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि कुमायूँ क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ करना और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी। इसके अलावा बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और मादक पदार्थों (ड्रग्स) के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा ताकि पुलिस व जनता के बीच विश्वास मजबूत हो सके। पुलिस बल के आधुनिकीकरण, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और पुलिस कर्मियों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
​कैंची धाम मेले और पर्यटन सीजन के लिए खुद उतरीं मैदान में

​आगामी पर्यटन सीजन और कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को देखते हुए आईजी ने प्रेस वार्ता के तुरंत बाद स्वयं कैंची धाम का रुख किया। उन्होंने धरातल पर उतरकर यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, शटल सेवाओं, डायवर्जन प्लान और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और अवरोधरहित यात्रा का अनुभव कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित जिलों में एक व्यापक और प्रभावी कार्ययोजना लागू की जा रही है।

​मंदिर समिति से समन्वय की अपील

​निरीक्षण के दौरान आईजी कुकरेती ने कैंची धाम मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और निर्बाध दर्शन के लिए सभी सरकारी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। आईजी ने प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और जनजागरूकता फैलाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।