अल्मोड़ा: सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए अल्मोड़ा स्थित प्राचीन विश्वनाथ धाम में भव्य ‘श्री शिवमहापुराण भक्ति ज्ञान यज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है। शिव मंदिर कमेटी विश्वनाथ, समस्त कार्यकर्ताओं, ग्राम वासियों और क्षेत्र वासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 5 जून (22 गते ज्येष्ठ) से शुरू होकर 15 जून 2026 (1 गते आषाढ़) तक चलेगा।
भव्य कलश यात्रा से हुआ शुभारंभ
इस पावन कथा में हिस्सा लेने और पुण्य कमाने के लिए आस-पास के गांवों व नगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं।आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार, अनुष्ठान के पहले दिन यानी 5 जून को सुबह 9 बजे क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कथा के मुख्य प्रवक्ता आचार्य विपिन पाण्डेय (देवभूमि हरिद्वार) हैं, जो अपनी सुमधुर आवाज में श्रद्धालुओं को शिवमहापुराण की महिमा और ज्ञान की अमृत वर्षा से सराबोर कर रहे हैं। इस अवसर पर जागेश्वर के बंशी बाबा शंखनाथ महाराज का भी विशेष सानिध्य प्राप्त हो रहा है।
यह रहेगा दैनिक कार्यक्रमों का समय
कथा प्रेमियों के लिए मंदिर परिसर में प्रतिदिन निम्नलिखित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
• नित्य पूजन: प्रात: 11:00 बजे से
• शिवमहापुराण कथा: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
• रात्रि आरती एवं भजन: रात 8:00 बजे से
15 जून को होगा विशाल भंडारा
इस ज्ञान यज्ञ का समापन 15 जून 2026 को होगा। समापन के दिन व्यास पूजन, हवन-यज्ञ और एक विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया जाएगा।
समिति ने की तन-मन-धन से सहयोग की अपील
विश्वनाथ धाम शिव मंदिर कमेटी, समस्त कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र के सभी नगरवासियों व ग्रामवासियों से इस पावन कथा में सपरिवार सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि “जो आनंदवन में आनंद के साथ निवास करते हैं, वे पापों के समूह का नाश करते हैं। हम सभी को मिलकर तन, मन और धन से सहयोग कर इस आयोजन को सफल बनाना चाहिए।” मेले और कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में “जय विश्वनाथ धाम” और “सनातन धर्म की जय” के जयघोष गूंज रहे हैं।