उपलब्धि: मातृत्व, मैराथन और माउंट डेनाली: अल्मोड़ा की कविता चंद ने अलास्का में गाड़ा झंडा, बर्फीले तूफानों को मात देकर फतह की ‘माउंट डेनाली’

उत्तराखंड: उत्तराखंड की बेटी और पर्वतारोही कविता चंद ने दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण चोटियों में शुमार उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट डेनाली (6190 मीटर) पर तिरंगा फहराकर एक नया रिकॉर्ड रचते हुए इतिहास रच दिया है।

कविता ने रचा इतिहास

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अल्मोड़ा में जन्मीं कविता का यह अभियान 19 मई को शुरू हुआ था। खराब मौसम के कारण उन्हें शुरुआती दो दिन बेस कैंप में ही इंतजार करना पड़ा। वहीं 5 जून को उन्होंने अंतिम शिखर अभियान शुरू किया और सफलता के साथ चोटी पर पहुंच गईं। उन्होंने दो वर्ष पहले अपने सपनों को पूरा करने के लिए एक सुरक्षित कॉरपोरेट नौकरी छोड़ दी थी। इस ऐतिहासिक कामयाबी के साथ ही वह दुनिया के सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों को फतह करने के अपने ‘7 समिट्स मिशन’ के बेहद करीब पहुंच गई हैं। भारतीय पर्वतारोही कविता चंद का जन्म अल्मोड़ा (उत्तराखंड) के धारा नोला गांव में हुआ था, और वर्तमान में वह मुंबई में रहती हैं। कविता एक 10 वर्षीय बच्चे की मां हैं।


डेनाली चोटी


अलास्का में स्थित डेनाली को पर्वतारोहण जगत की सबसे कठिन और जानलेवा चोटियों में गिना जाता है। यहाँ का तापमान और हवाएं बेहद जानलेवा होती हैं। इस चढ़ाई के दौरान पर्वतारोहियों को कोई बाहरी मदद (जैसे शेरपा) नहीं मिलती। पर्वतारोहियों को करीब 80 से 125 पाउंड (लगभग 36 से 56 किग्रा) तक का सामान खुद ढोते हुए ग्लेशियरों और बर्फीले ढलानों को पार करना पड़ता है।