उत्तराखण्ड: उत्तराखंड सरकार ने नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले प्रदेश के छात्रों को एक बड़ी राहत दी है।
आदेश जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार, परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस संबंध में परिवहन सचिव बृजेश कुमार सन्त ने उत्तराखण्ड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक (MD) को आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। यह सुविधा केवल उत्तराखण्ड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों के लिए ही मान्य होगी। साथ ही बस में यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 का वैध प्रवेश पत्र दिखाना अनिवार्य होगा, जिसे पहचान पत्र के रूप में माना जाएगा। यह छूट उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित केवल साधारण श्रेणी (Ordinary) की बसों में ही मिलेगी। एसी या वॉल्वो बसों में यह मान्य नहीं होगी। साथ ही मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल अभ्यर्थी के निवास स्थान से परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग (रूट) के लिए ही उपलब्ध कराई जाएगी। आदेश के मुताबिक, अभ्यर्थी परीक्षा की तिथि से 02 दिन पूर्व से लेकर परीक्षा समाप्त होने के 02 दिन बाद तक बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।