अल्मोड़ा: लंबित मांगों को लेकर मुखर हुआ सफाई कर्मचारी संघ, डीएम के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन, 18 जून से आंदोलन की दी चेतावनी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में लंबित मांगों के निराकरण न होने से आक्रोशित देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने आज सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह के माध्यम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित किया।

सीएम को भेजा ज्ञापन

जिस पर मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में हुए आंदोलन के बाद सरकार और शासन स्तर पर उन्हें मांगों के निराकरण का ठोस आश्वासन मिला था। इस संबंध में ठेका प्रथा को समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों पर विचार के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन भी किया गया था। लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी समस्याओं का समाधान जस का तस बना हुआ है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कमेटी की सिफारिशों को अब तक ठंडे बस्ते में डाला गया है, जिससे पूरे प्रदेश के सफाई कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।

आंदोलन की चेतावनी

साथ ही संघ ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि 18 जून से पहले कमेटी की सिफारिशों को लागू नहीं किया गया, तो प्रदेश भर के सफाई कर्मचारी कामबंद कर सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

रहें मौजूद

​ज्ञापन सौंपने वालों में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार, शाखा अध्यक्ष दीपक चंदेल, राजेश टांक, राजेंद्र पवार, बंटी, प्रदीप और अशोक पवार समेत कई सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।