बागेश्वर: त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए युद्धस्तर पर काम जारी, डिजिटाइजेशन के साथ SIR अभियान तेज

बागेश्वर: जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पुनरीक्षण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

जुलाई तक चलेगा अभियान

इस अभियान के प्रथम चरण में सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षित किया गया, जिसके बाद घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण का कार्य प्रारंभ किया गया। 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान में बीएलओ द्वारा मतदाताओं से आवश्यक जानकारी संकलित की जा रही है। कार्य की गुणवत्ता एवं दक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक बीएलओ के साथ आईटी वॉलंटियर एवं हेल्पिंग हैंड की भी तैनाती की गई है।‌ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे द्वारा पूरे अभियान की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने पुनरीक्षण एवं डिजिटाइजेशन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसकी गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

निर्वाचक नामावली का प्रकाशन

पुनरीक्षण के साथ प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है, जिससे मतदाता डेटा का समयबद्ध सत्यापन एवं अद्यतन सुनिश्चित किया जा सके। जिला एवं तहसील स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) द्वारा अभियान की सतत निगरानी की जा रही है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके उपरांत 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निस्तारण 14 अगस्त से 11 सितंबर 2026 के मध्य किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के पश्चात 15 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।