अल्मोड़ा: राज्य मंत्री सिकन्दर पंवार ने ली समीक्षा बैठक, सफाई कर्मचारियों के कल्याण और अधिकारों पर दिया जोर

​अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) एके सिकन्दर पंवार ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक का आयोजन

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मचारियों के हितों, कल्याणकारी योजनाओं और जिले की स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लेना था। बैठक के दौरान उपाध्यक्ष पंवार ने समाज में सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वच्छता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और कल्याण के प्रति पूरी संवेदनशीलता बरती जाए। साथ ही, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। उपाध्यक्ष ने इस बात पर भी बल दिया कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों या किसी एक विभाग का दायित्व नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है। आम जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
​
रहें मौजूद

बैठक में परियोजना निदेशक केएन तिवारी, सहायक निदेशक मत्स्य अवनीश सिंह देव समेत कई अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।