उत्तराखंड: अग्निवीर भर्ती: जुलाई में रानीखेत में आयोजित होगी अग्निवीर शारीरिक दक्षता परीक्षा, इन चार जिलों के युवा होंगे शामिल

अल्मोड़ा: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए जरूरी जानकारी सामने आई है।ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, अब सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन होगा।

शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जुलाई के दूसरे सप्ताह में शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) आयोजित की जाएगी। इसके लिए रानीखेत स्थित सोमनाथ मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, इस फिजिकल टेस्ट में उत्तराखंड के चार जिलों—अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अग्निवीर अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके साथ ही, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न केंद्रीय और जोनल श्रेणी के सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा भी इसी मैदान पर आयोजित की जाएगी।


​चयन के लिए फिजिकल टेस्ट बेहद निर्णायक

​सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल महेश कुमार ने बताया कि सेना में चयन के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों में सफल होना अनिवार्य है। लिखित परीक्षा के बाद अब फिजिकल टेस्ट ही चयन की अंतिम राह तय करेगा।