रुद्रप्रयाग: राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में अगस्त्यमुनि छात्रावास की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, जीते 9 स्वर्ण समेत 15 पदक

​रुद्रप्रयाग: ऊधमसिंह नगर के मनोज सरकार स्टेडियम, रुद्रपुर में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय स्कूल राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित हुई।

जीता पदक

जिसमें रुद्रप्रयाग जिले की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। अगस्त्यमुनि स्थित छात्रावास की बालिकाओं ने कुल 15 पदक जीते। प्रदेश भर के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद अगस्त्यमुनि छात्रावास की बालिकाओं ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना दिखाते हुए 9 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीता।

​राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने की तैयारी

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्रावास की ये होनहार बालिकाएं आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और रुद्रप्रयाग का नाम रोशन करेंगी।
​