अल्मोड़ा: जनपद में स्थित शत्रु संपत्तियों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गृह मंत्रालय (भारत सरकार) के अभिरक्षक शत्रु संपत्ति कार्यालय द्वारा अल्मोड़ा के सदर तहसील अंतर्गत नगर पालिका खत्याड़ी में स्थित शत्रु संपत्तियों की ई-नीलामी (08/2026) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह नीलामी ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक बिडिंग के माध्यम से “जैसा है जहां है” और “जो कुछ है” के आधार पर की जाएगी।
3 जुलाई को होगी ऑनलाइन नीलामी
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ई-नीलामी की निविदा को एम.एस.टी.सी (MSTC) पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इच्छुक प्रतिभागी आगामी 3 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे से लेकर शाम 04:00 बजे तक होने वाली इस ऑनलाइन नीलामी में भाग ले सकते हैं। शत्रु संपत्ति कार्यालय, लखनऊ द्वारा इस ई-नीलामी में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता कैंप आयोजित करने की अपेक्षा की गई है। इसके लिए विभाग द्वारा पर्यवेक्षक प्रशांत सैनी (मोबाइल नंबर: 9639527026) को अधिकृत किया गया है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारियों (SDMs) और नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों (EOs) को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस ई-नीलामी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और आवश्यक स्थानों पर कैंप लगाना सुनिश्चित करें ताकि आमजन तक इसकी जानकारी पहुंच सके।