उत्तराखंड: यहां सेना का ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त, ट्रायल के दौरान हुआ हादसा, कोई जनहानि नहीं

उत्तराखंड: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से गुरुवार दोपहर एक बड़ी खबर सामने आई। जिले के बिजराकोट क्षेत्र में सेना का एक मानव रहित वाहन (UAV) ड्रोन ट्रायल के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हेलीकॉप्टर समझकर मची अफरा-तफरी

​मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दोपहर करीब 2:36 बजे प्रशासन को सूचना मिली कि सारी गांव से करीब 7-8 किलोमीटर ऊपर बिजराकोट में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू की और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह कोई हेलीकॉप्टर नहीं, बल्कि सेना का एक यूएवी ड्रोन था जो ट्रायल के दौरान हादसे का शिकार हुआ है। बताया कि सेना का यह यूएवी ड्रोन दुर्गम इलाकों में छोटे सामान और दवाइयों जैसी आवश्यक सामग्री की आपूर्ति के लिए इस्तेमाल किया जाता है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या किसी संपत्ति के बड़े नुकसान की खबर नहीं है।घटना के बाद संबंधित एजेंसियों से विस्तृत ब्यौरा मांगा गया है। फिलहाल, ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे की तकनीकी वजहों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।