उत्तराखंड: चमोली की नीती घाटी में मिला ‘शिव साधना पर्वत’, ध्यान मुद्रा में नजर आती महादेव की दिव्य आकृति ने किया हैरान

गोपेश्वर (चमोली): उत्तराखंड के चमोली जिले की नीती घाटी अब केवल अपनी सामरिक स्थिति के लिए ही नहीं, बल्कि एक अद्भुत धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में भी उभर रही है।

बना आकर्षण का केंद्र

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिथौरागढ़ के प्रसिद्ध ‘ॐ पर्वत’ की तर्ज पर, चमोली के लपथल क्षेत्र में एक ऐसा पर्वत मिला है, जिसे ‘शिव साधना पर्वत’ कहा जा रहा है। इस पर्वत के शिखर पर बनी प्राकृतिक शिलाखंड की आकृति बिल्कुल ध्यानमग्न भगवान शिव जैसी दिखाई देती है। अब तक यह रहस्यमयी और दिव्य स्थान आम जनमानस की पहुंच से दूर था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां तक पहुंचना अत्यंत कठिन था, जिसके चलते यह क्षेत्र अब तक दुनिया की नजरों से ओझल था। हालांकि, सीमा पर तैनात सेना, आइटीबीपी, बीआरओ के जवानों और स्थानीय भेड़पालकों को इस पर्वत की विशिष्टता का आभास था। साथ ही अब सीमांत क्षेत्र तक पक्की सड़क पहुंच जाने और इनर लाइन परमिट (ILP) के नियमों में ढील मिलने के बाद, आम पर्यटकों के लिए भी यह दिव्य दर्शन संभव हो गए हैं। लपथल से कुमाऊं की ओर दिखने वाली पर्वत शृंखलाओं के बीच स्थित यह ‘शिव साधना पर्वत’ अब पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।