बागेश्वर: मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बागेश्वर जनपद में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।
बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 9 जुलाई 2026 को एक मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, 10 जुलाई 2026 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए, जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बागेश्वर, अपूर्वा पांडे ने कल, 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश की घोषणा की है।
प्रशासन के सख्त निर्देश
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, बागेश्वर और जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि आदेशों का पालन नहीं किया जाता है, तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।