अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में पांडेखोला स्थित ऐतिहासिक खुटकुनी भैरव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था अब और अधिक मजबूत हो गई है। पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से सबक लेते हुए मंदिर समिति ने परिसर में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए हैं।
लगाएं सीसीटीवी कैमरे
इन कैमरों की मदद से मंदिर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति और संदिग्ध गतिविधियों पर अब चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा सकेगी। पिछले कुछ वर्षों में मंदिर में हुई चोरी की दो घटनाओं ने श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की चिंताएं बढ़ा दी थीं। सुरक्षा के प्रति गंभीर होते हुए मंदिर समिति ने इस चुनौती को स्वीकार किया और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को लागू करने का निर्णय लिया। समिति का मानना है कि इससे न केवल मंदिर की संपत्ति सुरक्षित रहेगी, बल्कि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिल सकेंगे।
सामूहिक प्रयास से सफल हुआ अभियान
इस सुरक्षा पहल को धरातल पर उतारने में मंदिर समिति और स्थानीय समाज का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर नवदुर्गा समिति लक्ष्मेश्वर के अध्यक्ष सुनील कर्नाटक, मंदिर समिति के अध्यक्ष हेम चंद्र जोशी, पार्षद अमित साह मोनू, अभिषेक जोशी, ज्योति साह सहित जगदीश उपाध्याय, दीवान सिंह बिष्ट, नमित जोशी, राजेंद्र सिंह भोज, पीयूष पांडे, हेमंत पांडे, गगन पांडे, भावेश पांडे, विक्की पांडे, हर्षवर्धन जोशी, मोहन चंद्र जोशी और रमेश चंद्र पंत आदि ने सक्रिय सहयोग दिया।
श्रद्धालुओं ने सराहा निर्णय
सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा का पुख्ता अहसास होने लगा है। स्थानीय श्रद्धालुओं ने समिति के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल चोरों में डर पैदा होगा, बल्कि मंदिर आने वाले भक्तों को भी अधिक सुरक्षित वातावरण मिलेगा। मंदिर समिति ने भविष्य में भी जनसहयोग से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया है।