अल्मोड़ा: जिला जनगणना पुस्तिका के लिए पटवारियों का प्रशिक्षण, बोली एडीएम- ​’सटीक डेटा ही विकास का आधार’

अल्मोड़ा: अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार अल्मोड़ा में जिला जनगणना पुस्तिका तैयार किए जाने के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम

इस प्रशिक्षण में अल्मोड़ा एवं सोमेश्वर तहसील के राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारी) तथा चार्ज अधिकारियों (तहसीलदारों) ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को जिला जनगणना पुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों, ग्राम एवं नगरीय क्षेत्रों से संबंधित आंकड़ों के संकलन, सत्यापन तथा अभिलेखीकरण की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।

दिए यह निर्देश

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि जिला जनगणना पुस्तिका जनपद की सामाजिक, आर्थिक एवं भौगोलिक स्थिति का महत्वपूर्ण दस्तावेज होती है। उन्होंने सभी राजस्व उपनिरीक्षकों एवं चार्ज अधिकारियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं समयबद्ध आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।