अल्मोड़: नगर निगम के सेलाखोला वार्ड में पिछले तीन महीनों से क्षतिग्रस्त पड़ी सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। लंबे समय से सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों ने कार्य प्रारंभ होने पर खुशी जताई है।
बरसात में बढ़ गया था हादसों का खतरा
लगभग तीन माह पूर्व यह सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई थी। इसके बाद से ही क्षेत्रवासियों को लगातार किसी अप्रिय घटना का भय सता रहा था। हालिया बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई थी, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर गंभीर संकट मंडरा रहा था। खतरे को देखते हुए क्षेत्रवासी लगातार प्रशासन से नई दीवार बनाने की मांग कर रहे थे।
पार्षद की पहल पर डीएम ने लिया संज्ञान
वार्ड पार्षद वंदना वर्मा ने बताया कि जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या को उन्होंने लगातार प्रशासन के समक्ष उठाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित विभाग को तुरंत निर्माण कार्य शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। पार्षद ने कहा कि दीवार ढहने के बाद से क्षेत्रवासियों की सुरक्षा खतरे में थी। जिलाधिकारी द्वारा समय पर संज्ञान लेने से निर्माण कार्य संभव हो सका है। उम्मीद है कि यह कार्य तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा होगा, जिससे लोगों को स्थायी समाधान मिले।
जताया आभार
निर्माण कार्य शुरू होने पर वार्ड पार्षद और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी व संबंधित विभाग का धन्यवाद किया है।