अल्मोड़ा: इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यशाला का आयोजन, वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने पर दिया जोर

अल्मोड़ा: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), भारत सरकार तथा नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (NIF) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनपद के अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का आयोजन

इस कार्यशाला में जनपद के ब्लॉक इंस्पायर अवार्ड समन्वयकों, निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के चयनित प्रधानाचार्यों एवं विज्ञान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डायट अल्मोड़ा के प्राचार्य ललित मोहन पांडे ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इंस्पायर अवार्ड मानक विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यालयों में नवाचार की संस्कृति विकसित करना समय की आवश्यकता है तथा प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि वह विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को पहचानकर उन्हें वैज्ञानिक नवाचार के लिए प्रेरित करे। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम से जोड़ते हुए गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं के विकास में मार्गदर्शन प्रदान करें।
इसके उपरांत राज्य इंस्पायर अवार्ड मानक समन्वयक अवनीश उनियाल ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इंस्पायर अवार्ड मानक का उद्देश्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसे मौलिक एवं उपयोगी नवाचारों का चयन करना है जो समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने जनपद में नामांकन संख्या के साथ-साथ चयनित परियोजनाओं एवं पुरस्कारों की संख्या बढ़ाने के लिए गुणवत्तापूर्ण आइडिया चयन पर विशेष बल दिया।
उन्होंने विद्यालयों में आइडिया बॉक्स के नियमित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पूरे वर्ष अपने नवीन विचार लिखने और साझा करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। इससे विद्यालयों में नवाचार का वातावरण विकसित होगा और बेहतर परियोजनाएं सामने आएंगी। उन्होंने नामांकन करते समय रखी जाने वाली आवश्यक सावधानियों, मौलिक एवं समस्या-आधारित विचारों के चयन, ऑनलाइन प्रविष्टि के दौरान त्रुटियों से बचने तथा वर्षभर विद्यार्थियों के वैज्ञानिक मार्गदर्शन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सभी विद्यालय योजनाबद्ध ढंग से कार्य करें तो जनपद अल्मोड़ा राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक इंस्पायर अवार्ड प्राप्त कर सकता है।

दिए दिशा निर्देश

कार्यशाला में जिला समन्वयक, इंस्पायर अवार्ड विनोद कुमार राठौड़ ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य, पात्रता, ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया, परियोजना चयन, मूल्यांकन प्रणाली, समय-सीमा तथा विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित करने की रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को पोर्टल पर नामांकन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया तथा बताया कि किस प्रकार सही मार्गदर्शन एवं समयबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से जनपद में गुणवत्तापूर्ण नामांकन बढ़ाए जा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला संदर्भ व्यक्ति (विज्ञान) डॉ. भुवन पांडे ने किया। उन्होंने कार्यशाला का प्रभावी संचालन करते हुए प्रतिभागियों को कार्यक्रम के विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया तथा नवाचार आधारित शिक्षा को विद्यालयों में बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

किया विचार-विमर्श

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा विद्यालय स्तर पर अधिकाधिक छात्र-छात्राओं को इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम से जोड़ने का संकल्प लिया। उपस्थित प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें नामांकन प्रक्रिया, नवाचार आधारित परियोजनाओं के चयन तथा विद्यार्थियों के वैज्ञानिक मार्गदर्शन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समयावधि में अधिकतम एवं गुणवत्तापूर्ण नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया गया। विश्वास व्यक्त किया गया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से जनपद अल्मोड़ा इस वर्ष इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करेगा तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अधिकाधिक छात्र-छात्राएं अपने अभिनव विचारों के माध्यम से जनपद का नाम रोशन करेंगे।