अल्मोड़ा: नगर के वार्ड झिझाड़ स्थित खम्पा मार्केट क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और नकदी लूटने का मामला सामने आया है।
पुलिस में दी तहरीर
इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पीड़ित ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित केवलानंद जोशी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बीती 6 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे वह अपनी दुकान बंद कर कर्नाटक खोला स्थित अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में झिझाड़ और बक्शीखोला के बीच नशे की हालत में मौजूद तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए जेब से दो हजार रुपये नकद छीन लिए।
अगले दिन पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर सौंपी। इस दौरान स्थानीय पार्षद अमित साह ‘मोनू’ खुद पीड़ित के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की।
की यह मांग
जिस पर पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि नगर के बीचों-बीच इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक और गंभीर हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि आम जनता की सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके। साथ ही, उन्होंने खम्पा मार्केट, झिझाड़, कर्नाटक खोला और आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की भी पुरजोर मांग की है, जिससे भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लगाई जा सके।
रहें उपस्थित
इस मौके पर नामित पार्षद कैलाश गुरुरानी, नामित पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, पार्षद अभिषेक जोशी, वैभव तिवारी और पीड़ित केवलानंद जोशी समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।