अल्मोड़ा: डीएम से मिले पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, जनसमस्याओं के समाधान और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जताया आभार

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जन समस्याओं और खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की।

सौंपा ज्ञापन

इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही बिट्टू कर्नाटक ने अल्मोड़ा में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, और युवाओं को खेलकूद से जोड़ने के लिए ग्रामीण स्तर पर खेल मैदानों के विकास, रखरखाव और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बेहद जरूरी है। खेल के अलावा पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय पर जोर देते हुए जनता से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान करने का आग्रह किया।

प्रयासों की सराहना की

पूर्व दर्जा मंत्री ने जिलाधिकारी द्वारा जनहित के मामलों में दिखाई जा रही तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की तथा संबंधित विभागों से ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।