अल्मोड़ा: जिले में दीपावली के अवसर पर की गई आतिशबाजी कई परिवारों के लिए भारी पड़ गई। दीपावली पर्व की रात पटाखों के कारण झुलसने के कुल 13 मामले सामने आए हैं।
इतने मामले आए सामने
जानकारी के अनुसार घायलों में बच्चे और युवा शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बेस अस्पताल में आतिशबाजी से झुलसे 5 मरीज पहुंचे। इनमें सोमेश्वर के रहने वाले एक 8 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। यह बच्चा पटाखा जलाते समय गंभीर रूप से झुलस गया था। जिला अस्पताल में बर्न केस के 8 मामले दर्ज किए गए। बेस अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि बेस और जिला अस्पताल में पहुंचने वाले अधिकांश मरीजों के हाथ, पैर और चेहरे पर मामूली रूप से जलने के घाव थे। प्राथमिक उपचार देने के बाद बाकी सभी 12 मरीजों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
डॉक्टरों की अपील
दीपावली की रात दोनों अस्पतालों के बर्न वार्ड में मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही बनी रही। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए डॉक्टरों ने आम जनता से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। चिकित्सकों का कहना है कि आतिशबाजी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, छोटे बच्चों को पटाखों से दूर रखें और यदि कोई दुर्घटना हो जाए, तो घरेलू नुस्खों के चक्कर में पड़ने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।