उत्तराखंड: धूमधाम से मनाया गया बटर फेस्टिवल, सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीण व पर्यटक, बैड़थात में भी बिखरे लोक संस्कृति के रंग

उत्तरकाशी: समुद्र तल से 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध दयारा बुग्याल में सोमवार को पारंपरिक अंढूड़ी उत्सव (बटर फेस्टिवल) हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

बटर फेस्टिवल का आयोजन

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में धूमधाम के साथ अंढूड़ी उत्सव (बटर फेस्टिवल) मनाया गया। भारी बारिश के बीच भी ग्रामीणों और पर्यटकों में उत्साह दिखा और ढोल-दमाऊं की थाप पर दूध, दही व मक्खन की होली खेली गई। दो दिवसीय उत्सव के तहत रैथल गांव से आराध्य सोमेश्वर देवता की भव्य डोली यात्रा निकाली गई। ग्रामीणों ने ग्रीष्मकाल में बुग्यालों में चरने वाले दुधारू पशुओं की रक्षा के लिए देवी-देवताओं और आछरी-मांतरियों का आभार व्यक्त किया।

खेलीमक्खन की होली

श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य हुण देवता और नागराज देवता की पूजा-अर्चना कर उन्हें दूध और दही से स्नान कराया। उत्सव की शुरूआत में सोमेश्वर देवता की डोली की पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना के बाद मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए मक्खन और मठ्ठे को सबसे पहले देव डोली के समक्ष रखा गया। कृष्ण के स्वरूप ने मटकी तोड़ कर दूध-मक्कन व मठ्ठे की होली की शुरूआत की गई। इसके बाद लोगों ने पिचकारियों से हवा में उछलती मठ्ठे की धार और एक-दूसरे के गालों पर मक्खन लगाकर जमकर होली खेली।