अल्मोड़ा: जनपद में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और नागरिकों को जागरूक करने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने एक अभिनव पहल की है।
पुलिस का अभियान
जिस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर अब जनगणना अभियान को जन-जागरूकता का एक सशक्त माध्यम बनाया गया है। इसी क्रम में सदर कोतवाल और थानाध्यक्ष लमगड़ा ने विभिन्न शिविरों के माध्यम से लोगों को साइबर सुरक्षा और नए कानूनों की जानकारी दी। दिनांक 18 नवंबर 2026 को क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय एवं थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक ने अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित जनगणना शिविरों में हिस्सा लिया। इस दौरान वहां मौजूद अध्यापकों, ब्लॉक कर्मियों, ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों (VDO) और आम नागरिकों को कई महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने जनगणना कार्य की महत्ता को बताते हुए कहा कि इस दौरान यदि जनगणना टीमों को किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता या सुरक्षा की आवश्यकता पड़ती है, तो वे तुरंत अल्मोड़ा पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने के टिप्स
शिविर में उपस्थित लोगों को आज के दौर के सबसे बड़े खतरों—जैसे साइबर फ्रॉड, ‘डिजिटल अरेस्ट’, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके साथ ही, MRM/GRM पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर ठगी गई राशि को समय रहते होल्ड कराने और वापस पाने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
घर-घर जागरूकता फैलाने की अपील
थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक ने कहा कि जनगणना टीमें गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचती हैं, जो जन-जागरूकता फैलाने का सबसे बेहतरीन जरिया है। उन्होंने अपील की कि जनगणना कार्य के साथ-साथ हर नागरिक तक साइबर सुरक्षा का संदेश भी पहुंचाया जाए, ताकि एक मजबूत जागरूकता श्रृंखला तैयार हो सके और लोग अपनी मेहनत की कमाई साइबर ठगों के जाल में फंसकर गंवाने से बच सकें।
• आपातकालीन सहायता: 112
• साइबर हेल्पलाइन: 1930
• आपदा हेल्पलाइन: 1070
• मानस हेल्पलाइन: 1933