रामनगर: कार्बेट का ढिकाला जोन, विदेशी पर्यटकों के लिए शुरू हुई नाइट स्टे की एडवांस बुकिंग, नवंबर में खुलेगा पार्क

रामनगर: रामनगर में स्थित विश्व प्रसिद्ध जिम कार्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला पर्यटन जोन में विदेशी पर्यटकों के लिए नाइट स्टे (रात्रि विश्राम) की एडवांस बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शुरू हुई बुकिंग

जानकारी के अनुसार यह सुविधा फिलहाल ढिकाला जोन के चार आरक्षित कक्षों के लिए दी गई है। वहीं, बिजरानी, ढेला और झिरना सहित अन्य पर्यटन जोनों में बुकिंग के लिए भारतीय और अन्य पर्यटकों को अभी थोड़ा इंतजार करना होगा।

15 नवंबर से होगा नाइट स्टे

कार्बेट पार्क का सबसे पसंदीदा ढिकाला जोन आगामी 15 नवंबर से पर्यटकों की सफारी और नाइट स्टे के लिए औपचारिक रूप से खोल दिया जाएगा। इन कक्षों की बुकिंग 90 दिन (3 महीने) पहले कराने की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्बेट पार्क के वार्डन बिंदर पाल ने बताया कि विदेशी पर्यटकों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर बुकिंग विंडो खोल दी गई है। फिलहाल 15 नवंबर से 21 नवंबर तक के पहले सप्ताह के लिए बुकिंग स्वीकार की जा रही है।