अल्मोड़ा: भैंसियाछाना में सौर ऊर्जा बनी वरदान, 12.44 लाख की सोलर पंप योजना से खिली 12 किसानों के चेहरे की मुस्कान, 4 हेक्टेयर कृषि भूमि हुई लहलहाती

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के विकासखंड भैंसियाछाना स्थित जर्यूड़ा (दसौं) गांव में सौर ऊर्जा से चलने वाली सिंचाई योजना ने किसानों की समस्या को दूर कर दिया है।

किसानों को लाभ

​यहां 12.44 लाख रुपये की लागत से बनी इस सोलर पंप सिंचाई योजना से वर्तमान में लगभग 4 हेक्टेयर कृषि भूमि को नियमित पानी मिल रहा है, जिससे गांव के 12 परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं। इस योजना बनने से पहले यहां के किसान पूरी तरह से बारिश के पानी पर निर्भर थे, जिससे फसलों की पैदावार और किसानों की आय प्रभावित होती थी। अब टैंक और पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंच रहा है। सौर ऊर्जा से पंप चलने के कारण किसानों को डीजल, पेट्रोल या भारी-भरकम बिजली बिलों के आर्थिक बोझ से भी मुक्ति मिल गई है। बिना किसी अतिरिक्त संचालन खर्च के किसानों को सालभर सिंचाई की सुविधा मिल रही है।

पहाड़ी इलाकों के लिए टिकाऊ

पर्वतीय क्षेत्रों में जहां ढलान और ऊंचाई की वजह से ‘ग्रेविटी’ के जरिए पानी पहुंचाना मुमकिन नहीं होता, वहां सोलर पंप योजनाएं टिकाऊ और कम लागत वाला बेहतरीन विकल्प साबित हो रही हैं। साथ ही स्थानीय किसानों की आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।