अल्मोड़ा: ​नाबार्ड-RIDF योजनाओं पर एक्शन में डीएम अंशुल सिंह, 135 विकास परियोजनाओं की समीक्षा, बोले- विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में कलेक्ट्रेट सभागार में आज‌ गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में नाबार्ड की ‘ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकास निधि’ (RIDF) के तहत जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सभी प्रोजेक्ट्स को उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नाबार्ड के साथ बेहतर तालमेल बनाकर पारदर्शी तरीके से काम करने को कहा। डीएम ने सड़कों, आईटीआई (ITI) और पॉलिटेक्निक जैसी बड़ी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने पशुपालन अवसंरचना, आंगनबाड़ी केंद्रों, शौचालय ब्लॉकों और गौशालाओं के लिए नाबार्ड को नए प्रस्ताव भेजने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों को परियोजना पूर्णता रिपोर्ट (PCR) और मासिक प्रगति रिपोर्ट समय पर जमा करने के सख्त निर्देश दिए गए।

जिले में चल रही इतनी परियोजनाएं

बैठक के दौरान नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक गिरीश पंत ने बताया कि वर्तमान में जनपद में RIDF के अंतर्गत 135 विकास परियोजनाएं तेजी से चल रही हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग (PWD) की 67 परियोजनाएं, सिंचाई विभाग की 18 परियोजनाएं, लघु सिंचाई विभाग की 15 परियोजनाएं व पेयजल निगम की 07 परियोजनाएं शामिल हैं।

रहें उपस्थित

​बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजीशरण शर्मा, नाबार्ड DDM गिरीश पंत समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।