उत्तराखंड: देहरादून में मौसमी बीमारियों का कहर, स्वाइन फ्लू, कोविड और डेंगू के इतने नए मामले आए सामने, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू (H1N1), कोविड और डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिपोर्ट जारी की गई है।

स्वाइन फ्लू के मामले

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में स्वाइन फ्लू के 8 नए मरीज मिले हैं, जिससे कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 336 पहुंच गया है। वहीं, कोविड के 2 नए मामले सामने आने के बाद कुल मामलों की संख्या 43 हो गई है। हालांकि जिले में कोविड से अब तक किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है। कुल 336 मामलों में सबसे अधिक 58 मरीज 61-70 वर्ष आयु वर्ग के हैं, जबकि 51-60 वर्ष के 57 मरीज शामिल हैं। कुल मरीजों में 185 पुरुष और 151 महिलाएं हैं। ​दूसरी ओर, जिले में डेंगू और चिकनगुनिया का खतरा भी बना हुआ है। सोमवार को डेंगू जांच के लिए 804 सैंपल लिए गए, जिनमें 8 नए मरीजों की पुष्टि हुई। फिलहाल 11 सक्रिय मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं, जबकि अब तक कुल दर्ज 138 मरीजों में से 127 स्वस्थ हो चुके हैं। इसके अलावा चिकनगुनिया के भी 4 नए मामले मिलने से कुल आंकड़ा 82 हो गया है।