अल्मोड़ा: एसएसजे विश्वविद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, विद्यार्थियों को मिली निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में आज शुक्रवार (18 सितंबर 2026) को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के विधि संकाय में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का आयोजन

यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह के नेतृत्व में “जागृति स्कीम” (JAGRITI Scheme) तथा “यूथ एंड नेशन बिल्डिंग: एन इंटरडिसिप्लिनरी पर्सपेक्टिव” विषय के तहत आयोजित किया गया।

‘एक मुट्ठी आसमान’ से हुई शिविर की शुरुआत

​जागरूकता शिविर का शुभारंभ नालसा (NALSA) के थीम गीत ‘एक मुट्ठी आसमान’ के साथ हुआ। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय, राज्य और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के गठन के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। सचिव अनामिका सिंह ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, आपराधिक कानून (Criminal Law), संचार कौशल (Communication Skills), सीआरपीसी (CrPC) व भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धाराओं, प्री-लिटिगेशन, स्थाई लोक अदालत के लाभ तथा वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

रहें उपस्थित

शिविर में बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित अधिवक्ता भावना जोशी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विधि संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो. ए.के. नवीन, प्रोफेसर अरशद हुसैन सहित संकाय के अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।