नैनीताल: 23 सितंबर को शरद विषुव शुरू: अब छोटी होने लगेंगी दिन की घड़ियाँ और लंबी होंगी रातें, दस्तक देने वाली है गुलाबी ठंड

नैनीताल: उत्तरी गोलार्ध में अब दिन छोटे और रातें लंबी होने का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। बुधवार यानी 23 सितंबर को ‘शरद विषुव’ की खगोलीय घटना होगी। जिसके बाद से मौसम में बदलाव होगा और ठंड की शुरुआत भी हो‌ जाएगी।

होगा यह बदलाव

जानकारी के अनुसार इस संबंध में आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (ARIES) के वरिष्ठ खगोल वैज्ञानिक डॉ. शशिभूषण पांडेय के अनुसार, पृथ्वी के अपने अक्ष (Axis) पर झुके होने के कारण दिन और रात की अवधि में सालभर अंतर आता है। जिसमें बुधवार को सूर्य ठीक भूमध्य रेखा के ऊपर होगा, जिसके बाद वह धीरे-धीरे दक्षिण की ओर खिसकना (दक्षिणायन) शुरू कर देगा। सूर्य के दक्षिणायन होने से उत्तरी गोलार्ध में सूर्य की किरणें तिरछी पड़ने लगेंगी, जिससे दिन छोटे होने लगेंगे और सर्दी का मौसम दस्तक देगा। वहीं, इसके विपरीत दक्षिणी गोलार्ध में सूर्य की किरणें सीधी पड़ने के कारण वहां गर्मी का मौसम शुरू होगा और दिन लंबे होने लगेंगे। बताया कि उत्तरी गोलार्ध में 21/22 दिसंबर तक दिन छोटे होंगे, जिसके बाद 22 दिसंबर के बाद से पुनः दिन की अवधि लंबी होनी शुरू हो जाएगी।