उत्तराखंड: राज्यसभा की एक सीट पर चुनाव की घोषणा, 16 अक्टूबर को होगी वोटिंग, 29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

उत्तराखंड: उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर चुनाव कराने की औपचारिक घोषणा करते हुए पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है।

की घोषणा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जारी अधिसूचना के अनुसार, इस सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतों की गिनती उसी दिन शाम 5:00 बजे से शुरू होगी।
​चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत 29 सितंबर को विधिवत अधिसूचना जारी होने के साथ होगी, जिसके बाद प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

​बंसल का कार्यकाल पूरा

​वर्तमान में यह सीट भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल के पास है, जिनका 6 साल का कार्यकाल आगामी 25 नवंबर को समाप्त होने जा रहा है। राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजेपी के पास अकेले 47 विधायकों का मजबूत बहुमत है। संख्या बल के इस गणित से यह लगभग तय माना जा रहा है कि बीजेपी प्रत्याशी की जीत महज एक औपचारिकता होगी।


​2020 की तरह निर्विरोध चुनाव के आसार

​उत्तराखंड में राज्यसभा की कुल तीन सीटें हैं और तीनों पर ही बीजेपी का कब्जा है। नरेश बंसल के अलावा महेंद्र भट्ट और डॉ. कल्पना सैनी राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
​गौरतलब है कि साल 2020 में हुए चुनाव में नरेश बंसल को निर्विरोध राज्यसभा भेजा गया था। विपक्षी दल कांग्रेस के पास प्रत्याशी उतारने के लिए पर्याप्त आंकड़ा न होने के कारण इस बार भी मुकाबला एकतरफा ही माना जा रहा है।