अल्मोड़ा: गुलदार की दहशत, गुलदार को सामने देख खेतों से जान बचाकर भागीं महिलाएं, वन विभाग के रवैए के खिलाफ जताया आक्रोश

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के ग्राम सभा खत्याड़ी स्थित पहल क्षेत्र में गुलदार के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं बीते कल मंगलवार को खेतों में काम कर रही महिलाओं के सामने अचानक गुलदार आ धमका, जिससे घबराकर महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई।

गुलदार का आतंक

मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों का कहना है कि यह लगातार दूसरी बार है जब खेतों में काम कर रही महिलाओं का सामना सीधे गुलदार से हुआ है और उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा है। बताया कि गुलदार के लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने बीते 16 सितंबर को डीएफओ अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपकर पहल क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने की गुहार लगाई थी। हालांकि, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी वन विभाग द्वारा क्षेत्र में पिंजरा नहीं लगाया गया है। विभाग की इस हीलाहवाली और लापरवाही से स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा व्याप्त है।

पिंजरा लगाने की मांग

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि वन विभाग ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो क्षेत्र में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पहल क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाने के साथ ही नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।