रुद्रप्रयाग: अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता: 30 सितंबर से होंगे जनपद स्तरीय चयन ट्रायल

रुद्रप्रयाग: अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में उत्तराखण्ड राज्य की टीमों के गठन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन

इसके तहत आगामी 30 सितंबर और 01 अक्टूबर 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल्स का आयोजन किया जाएगा। दोनों दिन खेल मैदान में सुबह 9 बजे से ट्रायल शुरू होंगे। इस संबंध में जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि इन ट्रायल्स में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कैरम, चेस, हॉकी, कबड्डी, लॉन टेनिस, वेट लिफ्टिंग व पावर लिफ्टिंग, बेस्ट फिजिक, तैराकी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, कुश्ती, खो-खो, और योग शामिल हैं। वहीं क्रिकेट और फुटबॉल में केवल पुरुष वर्ग के ट्रायल होंगे।

केवल राजकीय कार्मिक होंगे पात्र

चयन ट्रायल्स में केवल राजकीय कार्मिक ही भाग ले सकेंगे। पुलिस और सेना विभाग को छोड़कर राज्य सरकार के नियंत्रणाधीन उन सभी विभागों के कर्मचारी पात्र होंगे, जिनका वेतन अधिष्ठान बजट से दिया जाता है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले कर्मचारियों को किसी भी प्रकार का व्यय (टीए/डीए) देय नहीं होगा, हालांकि शासनादेश के अनुसार ट्रायल में शामिल होने वाले कार्मिकों को ऑन-ड्यूटी माना जाएगा।

देखें प्रक्रिया

भाग लेने वाले प्रतिभागियों को विभागाध्यक्ष का अनुमति/अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC), विभागीय आईडी, स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, मोबाइल नंबर व ई-मेल और पहचान पत्र/आईडी कार्ड की फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य है। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को 06 अक्टूबर की शाम तक राज्य स्तरीय ट्रायल स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके बाद 07 और 08 अक्टूबर को राज्य स्तरीय ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे।