अल्मोड़ा: उत्तराखंड पुलिस के ‘ऑपरेशन भल छौ’ के तहत अल्मोड़ा जिले की लमगड़ा पुलिस ने एक सराहनीय और मानवीय पहल की है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में लमगड़ा पुलिस ने थाना क्षेत्र में रहने वाले एकल बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों से उनके घर जाकर मुलाकात की।
बुजुर्गों का जाना हाल
थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनकी स्वास्थ्य संबंधी और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने उन्हें बीट अधिकारी, थाना संपर्क नंबर और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर ‘112’ की विस्तृत जानकारी दी। बुजुर्गों को यह विश्वास दिलाया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में वे बेझिझक पुलिस को कॉल करें, उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस ने साइबर हेल्प लाइन-1930, आपदा हेल्पलाइन-1070 और अन्य आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही बुजुर्गों और आम नागरिकों से यह अपील की गई कि वे बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराएदार या मजदूर के रूप में न रखें।