अल्मोड़ा: लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता: शिखर होटल तिराहा से लक्ष्मेश्वर तिराहा तक दौड़ेंगे ई-रिक्शा, संचालन को मिली हरी झंडी

अल्मोड़ा: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आमजन को राहत देने के उद्देश्य से लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है।

अनुमति पत्र जारी

राज्य परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड ने शिखर होटल तिराहा से लक्ष्मेश्वर तिराहा तक नए रूट पर ई-रिक्शा संचालन के लिए आधिकारिक अनुमति पत्र जारी कर दिया है। इस रूट को शुरू कराने के लिए आवेदक द्वारा लंबे समय से निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। इसके तहत संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) अल्मोड़ा और जिलाधिकारी (DM) अल्मोड़ा को कई बार ज्ञापन सौंपे गए और वार्ता की गई। इसके अतिरिक्त राज्य परिवहन आयुक्त को पत्र भेजने, फोन पर संवाद करने, सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से भी इस मांग को मजबूती से उठाया गया था। इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप राज्य परिवहन आयुक्त कार्यालय से स्वीकृति पत्र जारी कर आवेदक को प्रेषित किया गया है।

​प्रशासन से जल्द समय-सारिणी और किराया तय करने की मांग

​गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी 2025 में भी राज्य परिवहन आयुक्त द्वारा धारानौला स्टेशन तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दी जा चुकी है। इस पूर्व स्वीकृत रूट को धरातल पर लागू कराने के लिए भी जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। अब दोनों प्रमुख और व्यस्त रूटों—’शिखर होटल तिराहा-लक्ष्मेश्वर तिराहा’ तथा ‘शिखर होटल तिराहा-धारानौला स्टेशन’—को परिवहन आयुक्त से हरी झंडी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर इनके संचालन का इंतजार है। जनहित के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर जिला प्रशासन से अपेक्षा की गई है कि वह जल्द ही संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाकर दोनों रूटों के लिए किराया और समय-सारिणी निर्धारित करे, ताकि इन मार्गों पर आधिकारिक रूप से ई-रिक्शा का संचालन जल्द शुरू हो सके और यात्रियों को सुविधा मिल सके।

​