रामनगर: अपराधियों की खैर नहीं! SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का कड़ा प्रहार, बुजुर्ग महिला के निर्मम हत्याकांड का खुलासा

​नैनीताल/रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने पुरानी रंजिश और बदले की भावना से महिला की हत्या करने वाले तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की कार्यवाही

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के मुताबिक बीते 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के जरिए कोतवाली रामनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतका की पहचान विमला देवी (56 वर्ष, पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई) के रूप में की। मृतका के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026, धारा 332(सी)/103(1)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


​सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

​घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करते, उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से उसके शव को घटनास्थल के पास फेंकते हुए नजर आए। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेना चाहता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त मोहित फर्त्याल को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस वक्त दबोचा गया जब वे भागने की फिराक में थे।


गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

1. ​मोहित फर्त्याल (पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, उम्र 32 वर्ष) – मुख्य अभियुक्त।
2. ​सैरान (पुत्र मुरसलीन, निवासी खताड़ी, रामनगर, उम्र 21 वर्ष)।
3. ​मो. अब्बूजर (पुत्र मो. विलाल, निवासी खताड़ी, रामनगर, उम्र 22 वर्ष)।
​
​बरामदगी

• ​घटना में प्रयुक्त 3 डंडे
• ​1 लोहे का पाना
• ​1 पत्थर (जिससे मारपीट की गई थी)
• ​घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका का पेटीकोट का नाड़ा


​पुलिस टीम को पुरस्कार

​इस त्वरित और सराहनीय खुलासे को अंजाम देने वाली रामनगर कोतवाली और एसओजी की पूरी पुलिस टीम को एसएसपी नैनीताल द्वारा 2,000 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।