अल्मोड़ा: महिला उद्यमियों को स्वावलंबी बनाने हवालबाग में लगा बूट कैंप का आयोजन, आईआईएम काशीपुर और रीप ने दिए बिजनेस बढ़ाने के खास टिप्स

​अल्मोड़ा: ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनके व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को विकासखंड कार्यालय हवालबाग के सभागार में एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप का आयोजन किया गया।

एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप का आयोजन

यह शिविर आईआईएम काशीपुर और उत्तराखंड ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (रीप) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की कई महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने भाग लिया। इस शिविर के दौरान आईआईएम काशीपुर के विशेषज्ञों ने महिलाओं को बिजनेस मैनेजमेंट, इनोवेशन, वित्तीय साक्षरता, सरकारी योजनाओं की जानकारी और मार्केट में मांग के अनुसार उत्पाद तैयार करने के व्यावहारिक गुर सिखाए। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष बल दिया। महिला उद्यमियों ने अपने-अपने व्यावसायिक विचारों (बिजनेस आइडिया), चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं को विशेषज्ञों के सामने रखा, जिस पर विशेषज्ञों ने उन्हें उत्पाद गुणवत्ता सुधारने और बाजार तक बेहतर पहुंच बनाने के सुझाव दिए।

​लगे स्थानीय उत्पादों के स्टॉल

बूट कैंप के दौरान महिला उद्यमियों द्वारा अपने निर्मित उत्पादों के आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए।

​रहे उपस्थित

कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के प्रो. जगदीश प्रसाद साहू, यूकॉस्ट अल्मोड़ा के एमेरिटस साइंटिस्ट डॉ. जी.सी.एस. नेगी, नाबार्ड के डीडीएम गिरीश चंद्र पंत, खंड विकास अधिकारी हवालबाग संतोष जेठी, सहायक खंड विकास अधिकारी रमेश कनवाल और गिरधर सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और स्थानीय महिला उद्यमी मौजूद रहे।