अल्मोड़ा: योग के प्रचार-प्रसार को मिलेगी रफ्तार, भावना बोरा को सौंपी गई अल्मोड़ा योग प्रशिक्षक महासंघ की कमान, मिली बड़ी जिम्मेदारी

​अल्मोड़ा: अखिल भारतीय योग प्रशिक्षक महासंघ (रजि. नं. KAP/05194) ने संगठन का विस्तार करते हुए उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी है।

सौंपी यह जिम्मेदारी

जिसमें महासंघ द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार भावना बोरा (निवासी: जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड) को महासंघ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पत्र दिनांक 27 सितंबर 2026 (पत्रांक: ABHYM/05/219) को महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव आचार्य विपिन पथिक द्वारा जारी किया गया है। नियुक्ति पत्र में महासंघ के शीर्ष पदाधिकारियों—राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य सुनील यादव, राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अच्छे सिंह कठेरिया और राष्ट्रीय महासचिव आचार्य विपिन पथिक—की ओर से नवनियुक्त जिला अध्यक्ष से यह उम्मीद जताई गई है कि वह जिले के सभी योग प्रशिक्षकों तक महासंघ की गतिविधियों व सूचनाओं को पहुँचाने तथा राज्य पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य करेंगी। इसके साथ ही, उनसे संगठन को मजबूत बनाने तथा योग प्रशिक्षकों के हित में निष्ठा और अनुशासन के साथ सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही गई है।

​एक वर्ष के लिए होगी नियुक्ति अवधि

जारी पत्र के अनुसार, यह नियुक्ति पत्र जारी होने की तिथि से एक वर्ष तक मान्य रहेगा। कार्यकाल पूरा होने पर संगठन की आवश्यकतानुसार इसका नवीनीकरण किया जा सकेगा। इस नियुक्ति की प्रतिलिपि उत्तराखंड योग प्रशिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष (देहरादून), समस्त जिला अध्यक्षों तथा कार्यालय अभिलेख हेतु भी प्रेषित की गई है। भावना बोरा को इस नई जिम्मेदारी के लिए महासंघ परिवार द्वारा शुभकामनाएं दी गई हैं।