उत्तराखंड: उत्तराखंड में तेजी साइबर ठगों का जाल बढ़ता जा रहा है। जो एक बड़ा चिंता का विषय है। ऐसे में इन साइबर चुनौती से निपटने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ ने अहम पहल की है। एसटीएफ के अनुसार, यह व्यवस्था उत्तराखंड स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (US4C) के अंतर्गत स्थापित फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर (CFMC) के माध्यम से शुरू की गई है।
नोडल अधिकारी की तैनाती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिसमें अब साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों की रकम को जल्द सुरक्षित कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। इससे पुलिस और बैंक के बीच सीधे समन्वय के जरिए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो सकेगी। इसका उद्देश्य साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही संबंधित बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर धोखाधड़ी से हासिल रकम को दूसरे खातों में जाने से रोकना और संदिग्ध खातों में धनराशि को समय रहते होल्ड या फ्रीज कराना है। इस व्यवस्था के तहत बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन का विश्लेषण करने, रकम के ट्रांसफर की कड़ियां जोड़ने और विवेचना के लिए जरूरी बैंकिंग एवं वित्तीय दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे बैंक और पुलिस के बीच होने वाले पत्राचार तथा सूचनाओं के इंतजार में लगने वाला समय भी कम होगा। इसके तहत निकट भविष्य में अन्य प्रमुख बैंकों के नोडल अधिकारियों को भी US4C परिसर में एक ही स्थान पर तैनात करने का प्रस्ताव है।