ट्रैफिक को रोका नहीं, समझकर चलाया—नैनीताल पुलिस की रणनीति से चला स्मूथ ट्रेफिक, SSP सहित सभी आला अधिकारी भी सड़कों पर

नैनीताल: लंबे वीकेंड के दौरान प्रसिद्ध कैंचीधाम, नैनीताल और भवाली क्षेत्र में हजारों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। अत्यधिक दबाव के बावजूद नैनीताल पुलिस के प्रभावी और सटीक ट्रैफिक मैनेजमेंट के कारण पूरे मार्ग पर यातायात सुचारु बना रहा और कहीं भी जाम की स्थिति नहीं उत्पन्न हुई।

सुगमता से दर्शन

​एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अगुवाई में तैयार की गई रणनीतिक योजना के चलते 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौली महाराज के सुगमता से दर्शन किए। वीकेंड पर ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तड़के सुबह 04:00 बजे से विशेष डायवर्जन प्लान लागू कर दिया था। अल्मोड़ा और गरमपानी की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया। आवश्यकतानुसार समय-समय पर टू-लेन संचालन कर वाहनों की आवाजाही की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. खुद ग्राउंड ज़ीरो पर मुस्तैद रहकर पूरे रूट की मॉनिटरिंग करते दिखे। स्थिति के अनुसार मौके पर ही त्वरित निर्णय लिए गए, जिससे एग्जिट ट्रैफिक को लगातार क्लियर रखा जा सका।


​शटल सेवा

​श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों से शटल बसों और टैक्सियों के माध्यम से कैंचीधाम तक पहुंचाया गया। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित और कतारबद्ध तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। ​इस व्यवस्था को लागू करने से पहले पुलिस प्रशासन ने काठगोदाम-हल्द्वानी टैक्सी यूनियन एवं चालकों के साथ बैठक की थी। उन्हें डायवर्जन, पार्किंग और एग्जिट प्लान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई थी, जिसका सकारात्मक असर सड़क पर दिखाई दिया।


​पुलिस टीम की सराहना

​इस सफल अभियान में SP क्राइम/ट्रैफिक, SP सिटी हल्द्वानी, SP संचार नैनीताल, क्षेत्राधिकारी (COs), थाना व चौकी प्रभारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI), सीपीयू (CPU), पीएसी (PAC) और होमगार्ड के जवान प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहे। सुगम दर्शन और बिना किसी जाम के सुरक्षित यात्रा का अनुभव पाकर बाबा के भक्तों और आम जनता ने नैनीताल पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।